- भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद
निशांत सिंह
नई दिल्ली। उत्तर जिला पुलिस ने क्षेत्र में शराब तस्करी और नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है, विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में इस अवैध धंधे की श्रृंखला तोड़ने हेतु। इस कार्य हेतु एक समर्पित पुलिस टीम निरंतर कार्य कर रही थी। टीम को स्थानीय सूचना एकत्र करने और एनसीआर के पड़ोसी राज्यों से दिल्ली में आने वाली अवैध शराब की आपूर्ति श्रृंखला को उजागर करने का कार्य सौंपा गया था।
दिल्ली पुलिस को गुप्त एवं विश्वसनीय सूत्रों से अवैध शराब की ढुलाई की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने यह सूचना वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा की। तत्पश्चात टीम ने तकनीकी निगरानी एवं जमीनी सूचना के आधार पर दर्शन विहार कॉलोनी, बुराड़ी, दिल्ली के पास एक रणनीतिक जाल बिछाया। रात्रि करीब 2ः30 बजे, नाथूपुरा की ओर से आ रहे एक टेंपो (टाटा ऐस) को रोकने का संकेत दिया गया।
टेंपो चालक की पहचान जतिन पुरी पुत्र निवासी सेक्टर-7, डीडीए फ्लैट, नरेला, दिल्ली (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई। उसके साथ बैठे व्यक्ति की पहचान ऋतिक, निवासी ग्राम उडलेपुर थारू, जिला सोनीपत, हरियाणा (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में वे अपनी रात के समय गतिविधि का कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। जांच में टेंपो से 130 कार्टन (6500 क्वार्टर बोतलें) फाल्कन फ्रॉस्ट देसी शराब बरामद हुई, जो केवल हरियाणा में बिक्री हेतु थी। शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में एफआईआर संख्या 772/25 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत थाना बुराड़ी, दिल्ली में मामला दर्ज किया गया तथा आगे की जांच की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों जतिन पुरी और ऋतिक ने खुलासा किया कि वे पिछले कुछ महीनों से अवैध शराब की आपूर्ति में लगे थे। हाल ही में, इनकी मुलाकात मोहित (निवासी सोनीपत, हरियाणा) से हुई, जिसने उन्हें हरियाणा से दिल्ली में शराब पहुंचाने के लिए प्रति ट्रिप 3000 रूपये देने का लालच दिया। मोहित ने ही उन्हें टेंपो उपलब्ध कराया और अपने निर्देशों के अनुसार सोनीपत के विभिन्न शराब ठेकों से शराब की खेप लोड करवाई, जिसे वे दिल्ली में विभिन्न तस्करों को सौंपने वाले थे। परंतु उससे पहले ही पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
बाद में, आरोपियों के बताने पर मुख्य आपूर्तिकर्ता मोहित के संभावित ठिकानों पर छापे मारे गए, लेकिन वह फरार पाया गया। मामले की जांच जारी है और मोहित सहित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
