Home अपराध रोहिणी में वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

रोहिणी में वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

21

नई दिल्ली। रोहिणी जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अकरम उर्फ साहिल (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल और दो स्कूटी समेत कुल पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, रोहिणी जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एएटीएस की टीमें लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थीं। इसी क्रम में 12 नवंबर 2026 को एएटीएस टीम को सूचना मिली कि एक वाहन चोर रोहिणी सेक्टर-20 में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया और मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ और जांच में आरोपी की पहचान अकरम उर्फ साहिल के रूप में हुई। उसके कब्जे से मिली मोटरसाइकिल की जांच करने पर पता चला कि वह मंगोलपुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए, जिनमें दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोहिणी सेक्टर-20 का निवासी है और बेरोजगार है। वह अनपढ़ है तथा अमन विहार थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चोरी के अन्य वाहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर मुकेश के नेतृत्व वाली एएटीएस टीम ने की।