नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस की एंटी जेल बेल एवं प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर सेल ने दहेज प्रताड़ना के मामले में लंबे समय से सुनवाई से बच रहे भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीव कुमार (32) के रूप में हुई है। अदालत ने उसे 1 अक्टूबर 2024 को भगोड़ा अपराधी घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, संजीव कुमार के खिलाफ वर्ष 2017 में डाबड़ी थाने में दहेज प्रताड़ना और स्त्रीधन से संबंधित धाराओं 498ए/406/34 आईपीसी के तहत एफआईआर संख्या 85/2017 दर्ज की गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम जिला स्थित द्वारका कोर्ट की जेएमएफसी एवं महिला अदालत संख्या-5 की न्यायाधीश वैशाली सिंह ने उसे 1 अक्टूबर 2024 को भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर भगोड़े अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी संजीव कुमार दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में रह रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए एंटी जेल बेल एवं प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर सेल की टीम ने मोहन गार्डन में जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1)(डी) के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से राम जत्न शर्मा का पुत्र है और मोहन गार्डन, उत्तम नगर का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले कोई अन्य आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया है।
यह कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की निगरानी में इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने की।
