Home अपराध डाबड़ी थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, आईफोन 16...

डाबड़ी थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, आईफोन 16 प्लस समेत दो चोरी के मोबाइल बरामद

नई दिल्ली। द्वारका जिले के डाबड़ी थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें आईफोन 16 प्लस और सैमसंग A55 शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान नूर मोहम्मद (22) और प्रवीण (26) के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को उत्तम नगर के अनूप नगर निवासी आयुष पांडेय ने अपने तीन मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर डाबड़ी थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एसएचओ गंगा राम मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर चाणक्य प्लेस स्थित श्मशान घाट सर्विस रोड के पास से नूर मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में नूर मोहम्मद ने तीन मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि एक मोबाइल फोन उसने किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया था, जबकि बाकी दो मोबाइल अपने दोस्त प्रवीण को बेचने के लिए दे दिए थे। इसके बाद पुलिस ने प्रवीण को उसके उत्तम नगर स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक आईफोन 16 प्लस (काला रंग) और एक सैमसंग A55 (काला रंग) बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन को ZIPNET पर जांचा, जहां उनके चोरी के होने की पुष्टि हुई।

पुलिस पूछताछ में नूर मोहम्मद ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और चोरी का सामान अपने दोस्तों को बेचने के लिए सौंप देता था। वहीं, प्रवीण ने बताया कि दोनों बरामद मोबाइल फोन उसे नूर मोहम्मद ने बिक्री के लिए दिए थे।

पुलिस अब चोरी किए गए तीसरे मोबाइल फोन को खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/331(4)/317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version