- एक पर्स सहित 600 नकद, आधार कार्ड व पैन कार्ड हुआ बरामद
- अपराध में प्रयुक्त एक ऑटो रिक्शा भी जब्त
निशांत सिंह
मध्य दिल्ली 14 अक्टूबर। दिनांक 28.09.2025 को थाना कमला मार्केट में डकैती की घटना संबंधी एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कॉल प्राप्त होने पर पुलिस टीम तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुँची, जहाँ शिकायतकर्ता अपने मित्र के साथ मिला। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनांक 27.09.2025 को वह अपने मित्र के साथ लगभग रात 11ः30 बजे रामलीला मैदान में रामलीला देखने गया था। वापस लौटते समय, अजमेरी गेट चैक, तिकोना पार्क के पास तीन व्यक्ति पीछे से आए, उन्हें रोका और ब्लेड जैसे चाकू से धमकाया। उन्होंने शिकायतकर्ता का काला पर्स लूट लिया, जिसमें 12,500 नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, इंडसइंड बैंक एटीएम कार्ड, एचडीएफसी एटीएम कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड थे। साथ ही शिकायतकर्ता के मित्र से 1,250 भी लूट लिए। जब उन्होंने लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने शिकायतकर्ता के मित्र मिवालाल कुमार पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट आई, और आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता के बयान पर एफआईआर थाना कमला मार्केट, दिल्ली में पंजीकृत की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना प्रभारी कमला मार्केट के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई प्रहलाद, एचसी अंकुश कुमार, कांस्टेबल शेखर एवं कांस्टेबल अमित कुमार शामिल थे। टीम ने आस-पास के क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज एकत्र की और लुटेरों के भागने का मार्ग विश्लेषित किया। जांच में पाया गया कि अपराध को अंजाम देने के लिए ऑटो रिक्शा का प्रयोग किया गया था। दिनांक 13.10.2025 को टीम को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी अजमेरी गेट ट्रैफिक सिग्नल के पास मौजूद हैं। गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को अपराध में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा सहित पकड़ लिया।
उनके कब्जे से एक काला पर्स बरामद हुआ, जिसमें 600 नकद, शिकायतकर्ता का आधार कार्ड, पैन कार्ड और दो एटीएम कार्ड (जिसमें एक एसबीआई कार्ड कवर सहित) थे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि वे नशे के आदी हैं तथा नशे और व्यक्तिगत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए चोरी व झपटमारी जैसी घटनाएँ करते हैं।
