Home अन्य समाचार कुख्यात हथियार सप्लायर “कोकू पहाड़िया” गिरफ्तार

कुख्यात हथियार सप्लायर “कोकू पहाड़िया” गिरफ्तार

232
  • मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मी भी घायल

निशांत सिंह

दक्षिण दिल्ली, 25 अक्टूबर। थाना महरौली के स्टाफ ने आज सुबह तड़के अवैध हथियारों की सप्लाई की कोशिश को नाकाम करते हुए एक खतरनाक अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
मुखबिर से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एचसी रविंदर को पता चला कि एक कुख्यात अपराधी कनिष्क उर्फ कोकू उर्फ विशाल उर्फ कोकू पहाड़िया अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल है। इस सूचना पर एसआई नवीन, एचसी रविंदर, एचसी सुनील, एचसी महेश, कॉन्स्टेबल विनोद और कॉन्स्टेबल अर्जुन की टीम बनाई गई, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर संजय सिंह, द्वारा तथा समग्र पर्यवेक्षण एसीपी महरौली श्री रघुवीर सिंह द्वारा किया गया।
24/25 अक्टूबर 2025 की रात लाडो सराय स्थित श्मशान घाट रोड पर पिकेट लगाया गया।
रात लगभग 3ः15 बजे एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। उसे रुकने का इशारा किया गया, परंतु वह भागने लगा, संतुलन खोकर फिसल गया और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग करने लगा। इस दौरान एसआई नवीन और एचसी रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं जिससे वे गंभीर रूप से घायल होने से बच गए। बार-बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी फायरिंग करता रहा। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। तत्पश्चात उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
एक पुलिस कर्मी, एचसी रविंदर के बाएँ हाथ में गोली लगी, जिन्हें तुरंत मैक्स हॉस्पिटल, साकेत में भर्ती कराया गया। आरोपी कनिष्क उर्फ कोकू उर्फ विशाल को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
आरोपी के कब्जे से दो ऑटोमेटिक पिस्टल, लोडेड मैगजीन और चार खाली कारतूस बरामद किए गए। अपराध स्थल पर क्राइम टीम और एफएसएल ने निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
आरोपी कनिष्क उर्फ कोकू उर्फ विशाल उर्फ “कोकू पहाड़िया” (उम्र 27 वर्ष), निवासी मदनगीर, अंबेडकर नगर, दिल्ली थाना अंबेडकर नगर का बैड कैरेक्टर है। यह अब तक 13 आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है जिनमें लूट, चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
सोशल मीडिया सर्विलांस टीम द्वारा की गई कार्रवाईः
आरोपी कोकू पहाड़िया को अपने प्रोफाइल पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और रील्स डालते हुए पाया गया। उसके प्रोफाइल को हटाने के लिए इंस्टाग्राम को ‘टेकडाउन रिक्वेस्ट’ भेजी गई है।
वर्ष 2024-25 में दक्षिण जिला में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अवैध हथियार दिखाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के 41 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 33 बालिग और 8 (किशोर अपराधी) गिरफ्तार किए गए। इनसे कुल 34 अवैध आग्नेयास्त्र और 7 चाकू बरामद किए गए।
दक्षिण जिला की सोशल मीडिया सर्विलांस टीम लगातार ऐसे प्रोफाइल्स पर नजर रखती है जो अवैध हथियारों को प्रदर्शित करते हैं और इनसे संबंधित इनपुट विकसित करती है।