Home अन्य समाचार भारतीय जहाजों की बहरीन यात्रा हुई पूरी

भारतीय जहाजों की बहरीन यात्रा हुई पूरी

दो भारतीय जहाजों की बहरीन यात्रा पूरी, नौसेना बैंड का रहा शानदार प्रदर्शन

– बहरीन के नौसैन्य नेतृत्व के साथ क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा चुनौतियों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर । भारतीय नौसेना के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के जहाज आईएनएस तीर और तटरक्षक बल के जहाज वीरा ने बहरीन के मनामा में अपनी लंबी दूरी की प्रशिक्षण तैनाती पूरी कर ली। बंदरगाह पर भारतीय अधिकारियों ने बहरीन के नौसैन्य नेतृत्व से मुलाकात करके क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा चुनौतियों और प्रशिक्षण और संचालन में भविष्य के सहयोग के अवसरों पर चर्चा की। इसके अलावा रॉयल नेवी के कमांडर मार्क एंडरसन, संयुक्त समुद्री बलों के डिप्टी कमांडर से भी मुलाकात की।

फारस की खाड़ी में लंबी दूरी की प्रशिक्षण तैनाती जारी रखते हुए भारत के दो जहाज ओमान की यात्रा पूरी करके 12 अक्टूबर को बहरीन के मनामा बंदरगाह पर पहुंचे थे। जहाज आईएनएस तीर के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन अंशुल किशोर ने 16 अक्टूबर को मेजर जनरल सलमान मुबारक अल-दोसेरी, रॉयल कमांड स्टाफ और नेशनल डिफेंस कॉलेज और कमांडर अहमद इब्राहिम मोहम्मद, कमांडर फ्लोटिला से मुलाकात की। दोनों नौसेनाओं के बीच क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा चुनौतियों और प्रशिक्षण और संचालन में भविष्य के सहयोग के अवसरों पर चर्चा की गई। दोनों जहाज़ों के अधिकारियों ने रॉयल नेवी के कमांडर मार्क एंडरसन, संयुक्त समुद्री बलों के डिप्टी कमांडर से भी मुलाकात की।

अमेरिकी नौसेना बल केंद्रीय कमान में बातचीत समुद्री सहयोग को मजबूत करने और क्षेत्र में भारतीय नौसेना और अन्य समुद्री बलों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित थी। इसके अलावा बहरीन रक्षा बलों और अन्य मित्र देशों के नौसेना कर्मियों के लिए भारतीय जहाजों पर दौरे आयोजित किए गए, जिससे भविष्य में सहयोगी अभ्यासों के लिए मार्ग प्रशस्त करने वाली सामान्य संचालन प्रक्रियाओं की समझ को सक्षम किया जा सके। समुद्री प्रशिक्षुओं सहित भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन में नौसेना सहायता सुविधा का दौरा किया और टास्क फोर्स 59, यूनाइटेड स्टेट्स नेवल फोर्स सेंट्रल कमांड के बारे में जानकारी प्राप्त की। यह यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड का यूनाइटेड स्टेट्स नेवी एलिमेंट है। इसकी जिम्मेदारी के क्षेत्र में लाल सागर, ओमान की खाड़ी, फारस की खाड़ी और अरब सागर शामिल हैं।

यूनाइटेड स्टेट्स नेवल फोर्स सेंट्रल कमांड और भारतीय नौसेना के कर्मियों ने एक दोस्ताना फुटबॉल मैच में भाग लिया। एक अन्य कार्यक्रम में भारतीय नौसेना के बैंड ने मनामा में एक आकर्षक प्रदर्शन किया। ‘ट्री ऑफ लाइफ सोशल चैरिटी सोसाइटी’ में एक सामुदायिक आउटरीच गतिविधि आयोजित की गई। इसके अलावा भारतीय दूतावास, बहरीन रक्षा बलों और अन्य सैन्य और नागरिक गण्यमान्य व्यक्तियों और भारतीय प्रवासियों के प्रतिनिधियों के लिए आधिकारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। दोनों भारतीय जहाजों की यात्रा रॉयल बहरीन नेवी शिप ‘अल फारूक’ के बीच समुद्री अभ्यास के साथ संपन्न हुई।

Exit mobile version