Home अपराध पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया लुटेरा

पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया लुटेरा

  • कमला मार्केट थाना की घटना, लूट का पैसा और आधार कार्ड बरामद

निशांत सिंह
मध्य दिल्ली, 25 अक्टूबर। बीते 23 अक्टूबर को थाना कमला मार्केट में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि दो व्यक्तियों द्वारा एस.एन. मार्ग, दिल्ली के पास लूट की गई है। थाना कमला मार्केट की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची, जहाँ शिकायतकर्ता (जो कमला नगर स्थित एक पी.जी. में रसोइए के रूप में कार्यरत है) ने बताया कि जब वह ऑटो से सदर बाजार की ओर जा रहा था, तभी दो व्यक्तियों ने वाहन को रुकवाकर उसे धमकाया, उसके पर्स से 700 रूपये और आधार कार्ड लूट लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना कमला मार्केट में एफआईआर दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ कमला मार्केट के पर्यवेक्षण में एएसआई राजेश कुमार, एचसी रोहित और कॉन्स्टेबल हिमांशु की एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक किया और स्थानीय खुफिया तंत्र एवं गुप्त सूचना के माध्यम से सुराग विकसित किए।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने उसी दिन एस.एन. मार्ग के पास एक संदिग्ध व्यक्ति रांबल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर अपराध करने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की आदत को पूरा करने के लिए इस तरह की वारदातें करता है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी हैं।

Exit mobile version