भारत का सबसे बड़ा फिल्म स्टूडियो रामोजी फिल्म सिटी है जो हैदराबाद में स्थित है। यह केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के सभी बड़े फिल्म स्टूडियो परिसरों में से एक है। लगभग 2000 एकड़ में फैली यह फिल्म सिटी किसी छोटे शहर से कम नहीं लगती। यहां एक साथ 20 से 25 फिल्मों की शूटिंग आराम से की सकती है। इस स्टूडियो का नाम गिनीज वल्र्ड रिकाॅर्ड में भी दर्ज है जो इसकी भव्यता और विशालता को दर्शाता है। इसकी स्थापना 1986 में प्रसिद्ध मीडिया उद्योगपति रामोजी राव ने की थी। उनका सपना था कि भारत में एक ऐसा स्थान बने जहां फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया एक ही जगह पूरी की जा सके। आज यहां प्री प्रोडक्शन से लेकर पोस्ट प्रोडक्शन तक की सभी सुविधाएं मौजूद हैं। जैसे एडिटिंग, स्टेडियो, डबिंग थिएटर, साउंड रिकाॅर्डिंग, डिजिटल इफेक्ट्स, काॅस्टयूम डिपार्टमेंट और विशाल आउटडोर सेट। रामोजी फिल्म सिटी की खास बात यह भी है कि यहां पहले से बने सैकड़ों रेडीमेड सेट उपलब्ध हैं। चाहे आपको ताजमहल चाहिए, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, हाॅस्पिटल, कोर्ट विदेशी सड़कों का दृश्य, गांव का माहौल, जंगल या माॅडर्न सिटी सब कुछ यहीं मिल जाता है। कई बड़ी हिंदी, तेलुगु, तमिल और अन्य भाषाओं की फिल्मों की शूटिंग यहां हो चुकी है। बाॅलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के कई सुपरस्टार यहां काम कर चुके हैं। यह जगह सिर्फ फिल्म निर्माताओं के लिए ही नहीं बल्कि पर्यटनों के लिए भी आकर्षण का केन्द्र है। हर साल लाखों लोग यहां घूमने आते हैं। यहां लाइव स्टंट शो, फिल्मी परेड, थीम गार्डन, एडवेंचर एक्टिविटी और लग्जरी होटल की सुविधाएं भी मौजूद हैं। परिवार और बच्चों के लिए यह एक मनोरंजन पार्क जैसा अनुभव देता है।
